हैकाथॉन में चमके पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थी, नवाचारी मॉडलों से दिखाई प्रतिभा
स्कूली विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा के सॉफ्ट स्किल्स कार्यक्रम के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा में जिला स्तरीय हैकाथॉन का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 12 पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया और अपने नवाचारी विचारों एवं कार्यशील मॉडलों के माध्यम से विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि तथा अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप निदेशक (गुणवत्ता) उपमा शर्मा, STEM समन्वयक सपना महाजन, विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार, उपप्रधानाचार्य दीप्ति पुरी, पीएम श्री नोडल DIET रोहित शर्मा तथा प्रोजेक्ट मैनेजर आदित्य आनंद भी मौजूद रहे।
समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के कौशल विकास और उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से सॉफ्ट स्किल्स कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में डिजिटल दक्षता, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए नवाचार एवं हैकाथॉन गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षकों का क्षमता निर्माण, विद्यालय नेतृत्व विकास और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आयोजित हैकाथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं को पहचानने और उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने का अवसर मिला। उन्होंने सीमित समय में टीम के रूप में काम करते हुए अपने विचारों को उपयोगी एवं कार्यशील मॉडलों का रूप दिया। इस गतिविधि से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के साथ टीम वर्क, डिजाइन थिंकिंग, तकनीकी कौशल और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम का आयोजन HopingMinds द्वारा किया गया, जबकि Katina Skills Private Limited ने इसके क्रियान्वयन में सहयोग दिया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और तकनीकी समझ का प्रदर्शन करने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए जरूरी कौशल विकसित करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा ने प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, होली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों चयनित टीमों को अब राज्य स्तरीय हैकाथॉन में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
Leave A Comment