हिमाचल प्रदेश में कॉम्पिटेंसी-बेसड एजुकेशन पर शिक्षकों के प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा
छह पीएम श्री स्कूलों के 18 शिक्षकों ने तीन चरणों में लिया प्रशिक्षण
समग्र शिक्षा ने यूनेस्को के सहयोग से HP FUTURES (Foundation for Upskilling, Teacher Excellence, Understanding, Readiness, Equity and Sustainability) कार्यक्रम के तहत दक्षता आधारित शिक्षा (Competency-Based Education) पर स्कूली शिक्षकों के व्यावसायिक विकास कार्यक्रम का पहला पायलट चरण पूरा कर लिया है। इस कार्यक्रम की तीसरी और अंतिम कार्यशाला शिमला में आयोजित हुई। तीन दिवसीय इस कार्यशाला में प्रदेश के छह पीएम श्री स्कूलों के 18 शिक्षकों ने भाग लिया। सोलन, सिरमौर, किन्नौर, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के इन शिक्षकों ने अगस्त से नवंबर तक तीन चरणों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इन कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को 21वीं सदी के कौशल आधारित शिक्षण तरीकों से परिचित करवाना और उन्हें कक्षा शिक्षण में अपनाने के लिए तैयार करना था। इनमें आलोचनात्मक चिंतन, संवाद, सहयोग, रचनात्मकता और समस्या समाधान जैसे कौशलों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस प्रशिक्षण की विशेषता यह रही कि प्रत्येक कार्यशाला के बाद शिक्षकों की कक्षाओं का अवलोकन किया गया, ताकि प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों के कक्षा में प्रयोग को समझा जा सके। इस दौरान मिले अनुभवों और सुझावों को अगली कार्यशाला का आधार बनाया गया। इस प्रक्रिया से शिक्षकों को अपने शिक्षण तरीकों में सुधार करने और नई विधियों को व्यवहार में अपनाने का अवसर मिला।
पहली कार्यशाला में दक्षता आधारित शिक्षा और 21वीं सदी के कौशलों की जानकारी दी गई। दूसरी कार्यशाला में पाठ्यपुस्तकों एवं शिक्षण सामग्री के आधार पर पाठ योजना तैयार करने और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां विकसित करने पर ध्यान दिया गया। अंतिम कार्यशाला में मूल्यांकन के ऐसे तरीकों पर चर्चा हुई, जिनसे विद्यार्थी केवल जानकारी याद करने के बजाय अपनी समझ, तर्क और सीखे गए ज्ञान का व्यवहार में उपयोग प्रदर्शित कर सकें।
कक्षा अवलोकन और आपसी अनुभवों से शिक्षकों को सीखने का अवसर
इस प्रशिक्षण के तहत कक्षा अवलोकन को शिक्षकों के मूल्यांकन के बजाय उनके व्यावसायिक विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया। इसके माध्यम से उन्हें अपनी शिक्षण विधियों पर विचार करने और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जरूरी सुझाव मिले। इसके अतिरिक्त प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटीज (PLCs) के माध्यम से शिक्षक अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और कक्षा शिक्षण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर आपस में चर्चा कर रहे हैं।
यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न की प्रोफेसर एस्थर केयर ने कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की सीखने में रुचि और सकारात्मक भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुछ शिक्षक पहले से ही दक्षता आधारित शिक्षा से जुड़े तरीकों को अपना रहे हैं, जबकि अन्य शिक्षक भी विद्यार्थियों के नजरिए से शिक्षण को समझने और उन्हें यह बताने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं कि वे जो सीख रहे हैं, उसका उनके लिए क्या महत्व है। कार्यशाला में शामिल शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से दक्षता आधारित शिक्षण को लेकर उनकी समझ बढ़ी है। अब उनका ध्यान पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ-साथ इस बात पर भी है कि विद्यार्थी क्या सीख रहे हैं और प्राप्त ज्ञान का उपयोग किस तरह कर पा रहे हैं। प्रशिक्षण में मिली व्यावहारिक जानकारी से उन्हें विद्यार्थियों में रचनात्मकता और आलोचनात्मक चिंतन विकसित करने में मदद मिलेगी।
दिसंबर से अन्य पीएम श्री स्कूलों में भी शुरू होगा प्रशिक्षण
छह स्कूलों के शिक्षकों के पहले पायलट समूह का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब दिसंबर से प्रदेश के अन्य पीएम श्री स्कूलों के शिक्षकों के लिए भी इसी मॉडल पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में कुल 199 पीएम श्री स्कूल हैं।
पहले पायलट समूह से मिले अनुभवों, कक्षा अवलोकन और शिक्षकों के सुझावों के आधार पर प्रशिक्षण की सामग्री और कक्षा स्तर पर मिलने वाले सहयोग को और बेहतर बनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देना और दक्षता आधारित शिक्षण पद्धतियों को व्यापक स्तर पर लागू करना है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने यूनेस्को के साथ करार कर HP FUTURES कार्यक्रम लागू किया है। इसके तहत स्कूलों में कॉम्पिटेंसी-बेसड एजुकेशन, खेलों के माध्यम से मूल्य आधारित शिक्षा, ग्रीनिंग एजुकेशन दी जा रही है।
Leave A Comment