Echo

मुख्यमंत्री ने किस क्षेत्र को दी 137 करोड़ रुपये की बड़ी विकास सौगात?


 
सराज विधानसभा क्षेत्र की सड़क और संपर्क व्यवस्था अब पूरी तरह बदलने वाली है। आपदा प्रभावित परिवारों को पहले से कहीं अधिक राहत मिल रही है। मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमंडल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में मिले।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए आमंत्रित किया तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के रख-रखाव एवं सुदृढ़ीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके तहत नौणा-छलैला-विनीधार सड़क के लिए 10 लाख रुपये, बालीचौकी-खलोआ-शारश सड़क के लिए 20 लाख रुपये, नौणा-भराड़ी सड़क के लिए 10 लाख रुपये, खनेठी-खूहन सड़क के लिए 10 लाख रुपये तथा हणोगी-शलोई-छमार सड़क के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे।
 
137 करोड़ रुपये से बदलेगी चैल-चौक-जंजैहली सड़क की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से 83 किलोमीटर लंबी चैल-चौक-जंजैहली सड़क को चौड़ा और सुदृढ़ करने के लिए 137.40 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान हुए नुकसान तथा मंडी जिला में संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस परियोजना को केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत प्राथमिकता के आधार पर भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियाँ और अधिक सुगम होंगी।
 


आपदा प्रभावितों को मिली अभूतपूर्व राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान सराज विधानसभा क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ था और उन्होंने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार द्वारा अधिकतम सहायता उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से राहत राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। अब पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों के लिए राहत राशि 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दी गई है। अन्य सहायता को मिलाकर प्रभावित परिवारों को कुल 8 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
 
घरेलू सामान, पॉलीहाउस और मलबा हटाने के लिए भी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर दी जाने वाली राहत राशि को 2,500 रुपये से बढ़ाकर मकान मालिकों के लिए 1 लाख रुपये तथा किरायेदारों के लिए 50 हजार रुपये किया गया है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए भी 1 लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पॉलीहाउस को हुए नुकसान या मकानों से मलबा एवं गाद हटाने के लिए कोई सहायता नहीं मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने पॉलीहाउस के नुकसान पर 25 हजार रुपये तथा मलबा या गाद हटाने के लिए 50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान किया है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पशुधन के नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब गाय की मृत्यु पर 55 हजार रुपये तथा भेड़ और बकरी के लिए प्रति पशु 9 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त गौशालाओं के पुनर्निर्माण के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता का भी प्रावधान किया गया है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने क्षेत्र की सड़कों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अभूतपूर्व सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
 
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment