Echo

मुख्यमंत्री ने किस क्षेत्र में शोध करने के लिए एचपीयू से किया आह्वान?


 
 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय से ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में शोध कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा सोलन जिले के नालागढ़ में प्रदेश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना स्थापित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने 10.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टी फैकल्टी भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में तीन शैक्षणिक मंजिलें, कंप्यूटर-कम-सीबीटी लैब तथा पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने नवनिर्मित सीबीटी लैब का भी उद्घाटन किया और कहा कि यह सुविधा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों की शिक्षण क्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने 8.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए अकादमिक ब्लॉक का शिलान्यास भी किया। पांच मंजिला इस भवन में पार्किंग, नई कक्षाएं और बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप अतिरिक्त शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार विश्वविद्यालय को प्रतिवर्ष 150 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है, जिससे बुनियादी ढांचे, डिजिटल परिवर्तन और शैक्षणिक उत्कृष्टता को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और पिछले वर्षों में यहां कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान अर्जित करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई कंप्यूटर-कम-सीबीटी लैब के माध्यम से अब शिमला जिले के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कंप्यूटर आधारित टेस्ट देने के लिए अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। इस सुविधा का लाभ एक समय में लगभग 250 अभ्यर्थी उठा सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, सुरेश कुमार, संजय अवस्थी, विवेक शर्मा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति महावीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment