हिमाचल में टूटा ड्राई स्पेल,बारिश-बर्फ़बारी हुई,मौसम विभाग ने फिर की भविष्यवाणी
पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश की चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है. इससे यहां की खूबसूरत वादियों में और निखार आ गया है। बर्फबारी के बाद से पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो रहे हैं। मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के कई स्थानों पर फिर बर्फबारी होने की भविष्यवाणी की है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में कल शाम और रात को बर्फबारी हुई। लाहौल स्पीति के कई इलाकों में पांच से छह इंच बर्फ गिरी। शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और सिरमौर की ऊंची पहाड़ियों पर यह सीजन की पहली बर्फबारी है।शिमला में टूरिस्ट कड़ाके की सर्दी में भी रविवार देर रात तक रिज और मॉल रोड पर मस्ती करते रहे। मनाली, रोहतांग, सिस्सू, जिस्पाह में भी देर शाम तक पर्यटक बर्फ में खेलते नजर आए।शिमला के रिज पर दो इंच, जाखू व कुफरी में 2-2 इंच, नारकंडा व खड़ापत्थर में 3-3 इंच, रोहतांग में 6 इंच, अटल टनल रोहतांग में 3 इंच बर्फ गिरी।
शिमला के रिज पर रविवार रात बर्फबारी के बाद टूरिस्ट मौज-मस्ती करते नजर आए।
ताजा हिमपात के बाद आने वाले दिनों में पहाड़ों पर अच्छा टूरिस्ट आने की उम्मीद है। मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के बाद देशभर से टूरिस्ट ऑनलाइन एडवांस बुकिंग करने लगे है। शिमला के कुफरी और नारकंडा में बर्फबारी के बाद पर्यटक यहां बर्फ देख सकेंगे।
हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद कई इलाकों में 70 दिनों का ड्राइ स्पैल टूट गया है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में दो महीने से ज्यादा समय से पानी की एक बूंद भी नहीं गिरी है। पहले मानसून सीजन में नॉर्मल से 19 प्रतिशत कम बारिश हुई।पोस्ट मानसून सीजन में 1 अक्टूबर से 9 दिसंबर नॉर्मल से 98 प्रतिशत कम बारिश हुई। इससे हालात बिगड़ रहे थे। मगर ताजा बर्फबारी ने पर्यटन कारोबारियों के साथ-साथ सेब बागवानों और किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।बर्फबारी के बाद पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की गिरावट आई है। कई शहरों के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की गिरावट आई है। सबसे ज्यादा सियोबाग के तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट आई है। प्रदेश के अधिकतर शहरों का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। पहाड़ों पर बर्फ देखने के लिए आने वाले पर्यटकों को भी अपने साथ गर्म कपड़े लेकर आना होगा। सिरमौर जिला के चूड़धार और नौहराधार में भी बीती शाम को ताजा हिमपात दर्ज किया गया। इसके बाद अब धार्मिक श्रद्धालू अगले पांच-छह महीने तक चूड़धार नहीं जा सकेंगे। मौसम विभाग के अनुसार शिमला, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और लाहौल स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई है। रोहतांग में 6 इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी राज्य के ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कल भी कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान है। बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में 110 से ज्यादा सड़कें और 125 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं। सड़कें अवरुद्ध होने से कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। बिजली गुल होने से ऊंचे क्षेत्रों में लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई है।।
Leave A Comment