सीएम सुक्खू का दिवाली गिफ्टः कर्मचारियों-पेंशनरों को 4% DA, एडवांस सैलरी-पेंशन
प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को 4 फीसदी महंगाई भत्ता यानी डीए देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रेस कांफ्रेंस कर कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए देने का ऐलान किया है। सरकारी कर्मचारियों को एक जनवरी 2023 से देय 4 फीसदी डीए की किस्त दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश के करीब 1.80 लाख कर्मचारियों और 1.70 लाख पेंशनरों को फायदा होगा। इससे प्रदेश सरकार के खजाने पर करीब 600 करोड़ रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत 1364 एनपीएस अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा समय समय पर जारी की जाने पर महंगाई भत्ते की दरें दी जाएंगी। इसे लेकर 10 अक्टूबर को आदेश जारी कर दिए है।
मुख्यमंत्री ने दिवाली को देखते हुए कर्मचारियों और पेंशनरों को अक्टूबर माह का वेतन एडवांस वेतन व पेंशन देने का भी ऐलान किया है। पहली नवंबर को कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन इस बार 28 अक्टूबर को मिलेगा। पेंशनरों को भी इसी दिन पेंशन दी जारी होगी।
कर्मचारियों-पेंशनरों के लंबे समय से पेंडिंग मेडिकल बिलों का भुगतान होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को लंबे समय से पेंडिंग मेडिकल बिलों का भुगतान एक साथ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने फैसला लिया है कि सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के मेडिकल बिलों की पेंडेंसी खत्म की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 75 साल से अधिक के पेंशनरों को उनका पूरा एरियर देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस साल सभी चतुर्थ कर्मचारियों के वेतन एरियर की 20 हजार की किस्त जारी की जाएगी। इस साल कर्मचारियों के वेतन और पेंशनरों को एरियर के देने पर करीब 200 करोड़ का वित्तीय बोझ सरकारी खजाने पर पड़ेगा।
जयराम ठाकुर झूठ के सौदागर, पीएम- नड्डा के पास जाकर झूठ बोल रहे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए एक बार फिर उनको झूठ का सौदागर बताया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर प्रधानमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास जाकर हिमाचल सरकार के बारे में झूठी बातें बोलकर उनको गुमराह कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए जो कड़े फैसले लिए हैं, उनसे आम आदमी प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 300 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने वाले करीब 75 हजार लोगों की सब्सिडी बंद नहीं की है। उन्होंने पानी की सब्सिडी को लेकर कहा कि क्या फाइव स्टार होटलों को सब्सिडी देना सही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में रहने वाले किसान और गरीब आदमी, जो सही मायने में जरूरतमंद है, उनके पानी के बिलों का भुगतान सरकार खुद करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के कर्मचारियों, किसानों- बागवानों, मजदूरों महिलाओं के हित्तों को लेकर काम कर रही है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश में करीब 15 हजार नौकरियां सरकारी क्षेत्रों में दी गई हैं।
भाजपा सरकार ने प्रदेश की संपदा को लुटाया
मुख्यमंत्री ने पूर्व की बीजेपी सरकार पर विधानसभा चुनावों को देखते हुए फैसले लेने के आरोप लगाए और कहा कि जयराम सरकार ने चुनावों से पहले 5 हजार करोड़ की रेवड़ियां बांटी। वेट कम करने के साथ ही पानी और बिजली फ्री कर दिया। प्रदेश में चुनावों से ऐन पहले 900 संस्थान खोल दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने पांच सालों में प्रदेश के संपदा को लुटाया है। लेकिन कांग्रेस सरकार इसको लूटने नहीं देगी।
Leave A Comment