अवैध मस्जिद, प्रवासियों के विरोध में रामपुर में बाजार बंद, लोगों ने रैली निकालकर जताया रोष
प्रदेश में अवैध मस्जिदों को हटाने और प्रवासी मजदूरों की वेरिफिकेशन कराने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में धरने प्रदर्शन हो रहे हैं। शिमला के रामपुर में भी कारोबारियों ने आज बाजार बंद रखा और रैली निकालकर अपना रोष जताया।
सर्वहितकारी व्यापार मण्डल रामपुर के आवाहन पर कारोबारियों ने रामपुर बाजार सुबह 9 बजे से दोपहर बाद एक बजे बंद रखा।
सर्वहित्तकारी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में भी प्रवासी लोगों बिना रोकटोक के पहुंच रहे हैं। रामपुर में विशेष समुदाय के लोग बिना पुलिस वेरिफिकेशन के बहुत बड़ी संख्या में रह रहे हैं और इनमे से कई तो रामपुर और आस पास अपनी पहचान बदल कर दुकानें तक खोल चुके हैं। कुछ लोग गांव-गांव जा कर सामान बेच रहे हैं, जिसका सीधा असर रामपुर के व्यापारियों पर पड़ रहा है। इस तरह आर्थिक रूप से उनकी कमर तोड़ने का काम हो रहा है, लेकिन प्रशासन गहरी नींद सोया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि प्रवासी लोग हिमाचल की रेकी करने का भी काम कर रहे हैं जो कि यहां की सुरक्षा के लिए खतरनाक है। सर्वहितकारी व्यापार मण्डल के आवाहन पर रामपुर और साथ लगते नोगली, झाकडी, ज्योरी, सराहन और निरमंड के सभी व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखे।
प्रवासियों का रजिस्ट्रेशन करने के आदेश जारी
इस बीच रामपुर पुलिस की ओर से रामपुर और इसके आसपास के इलाकों में काम करने वाले सभी प्रवासियों का रजिस्ट्रेशन करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस की ओर से जारी आदेशों में कहा है कि ठेकेदार अपने पास काम करने वाले सभी मजदूरों का रजिस्ट्रेशन करें। इसी तरह जो बाहरी मजदूर बगीचों में काम कर रहे हैं, उनका भी रजिस्ट्रेशन कराया जाए। इसके अलावा जिन लोगों ने अपने मकानों में किराएदार के तौर पर बाहरी लोगों को रखा है, वे भी इनका रजिस्ट्रेशन कराएं। ऐसा न करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।
Leave A Comment