मुख्यमंत्री 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों का करेंगे दौरा
रोहड़ू, रामपुर में ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाएंगे सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिला के रोहड़ू, रामपुर एवं आसपास के क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू अक्तूबर माह के अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 1 से 3 अक्तूबर, 2026 तक शिमला जिला के रोहड़ू, चिरगांव, रामपुर तथा आसपास के क्षेत्रों का दौरा करेंगे। ये जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास तथा स्थानीय लोगों से संवाद पर केंद्रित रहेगा। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 1 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (CBSE) जाएंगे। यहां वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाकर इसमें भाग लेंगे।
चिढ़गांव में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का करेंगे उद्घाटन एवं शिलान्यास
इसके पश्चात मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से चिढ़गांव जाएंगे, जहां नगर पंचायत मैदान में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे संदाशु स्थित HPSEBL रेस्ट हाउस पहुंचेंगे। शाम को ग्राम भटवारी, ग्राम पंचायत दियुड़ी मायला में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय जनता, महिला मंडलों तथा युवक मंडलों के साथ संवाद करेंगे तथा वहीं रात्रि ठहराव करेंगे।
2 अक्तूबर को मुख्यमंत्री ग्राम भटवारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास तथा नोग घाटी की जनता के साथ संवाद प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री इसके बाद तकलेच और काशा गांव का दौरा करेंगे। काशा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों, महिला मंडलों एवं युवक मंडलों से संवाद करेंगे तथा रात्रि ठहराव पट गांव में करेंगे।
3 अक्तूबर को रामपुर में छात्रों के साथ संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
3 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पट गांव से नोगली जाएंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (CBSE), रामपुर में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर उसमें भाग लेंगे। इसके पश्चात सर्किट हाउस, रामपुर में दोपहर का भोजन करने के बाद मुख्यमंत्री शिंगला हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा शिमला के अनाडेल हेलीपैड लौटेंगे।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जन संवाद, विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास, विद्यार्थियों के साथ संवाद तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख रहेंगे। यह दौरा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को सीधे सुनने और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर केंद्रित रहेगा।
Leave A Comment