Echo

मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान—स्टाफ नर्सों को उच्च शिक्षा के दौरान मिलेगा पूरा वेतन





 
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नर्सिंग स्कॉलर सोसाइटी को पांच लाख  देने की घोषणा की
 

 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी शिमला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टाफ नर्सों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए घोषणा की कि उच्च शिक्षा के दौरान उन्हें अब 40 प्रतिशत के स्थान पर पूरा वेतन प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आउटसोर्स आधार पर नियुक्तियों को बंद करना चाहती है क्योंकि यह युवाओं का शोषण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। अगले महीने मेडिकल एजुकेशन विभाग में 80 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा और इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी और हाई-एंड एमआरआई जैसी आधुनिक तकनीकें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक उन्नत होंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हित में आउटसोर्स भर्ती प्रणाली को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है, क्योंकि इससे युवाओं का शोषण होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में नियमित स्टाफ नर्सों के साथ-साथ असिस्टेंट स्टाफ नर्सों के नए पद सृजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। साथ ही बैचवाइज नर्सों की भर्ती भी जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ओवरसीज भर्ती विभाग भी स्थापित किया है, जो विदेश में नौकरी करने जाने वाले युवाओं का ट्रैक और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 57.5 प्रतिशत महिलाएं पंचायती राज संस्थानों में निर्वाचित होकर नेतृत्व कर रही हैं, जो हिमाचल के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment