आर्थिक स्थिति ठीक होने पर बोर्ड-निगम कर्मियों को भी मिलेगी ओल्ड पेंशनः सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तूफानी दौरा कर देहरा के मुहाल, धर्मपुर के चलोथरा, सुजानपुर, कुटलैहड़ के समलाड़ा व कोट में जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायकों को टिकट देने से भाजपा के असली कार्यकर्ता मायूस हैं। उन्होंने अपील की कि वे धनबल को हराने के लिए पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर वोट करें।
जयराम ठाकुर को ओल्ड पेंशन की फाइल सपने में दिख रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को लू लग गई है। वह कुछ भी बोल रहे हैं, जयराम जुबान के पक्के नेता नहीं हैं। वह सुबह कुछ और शाम को कुछ बोलते हैं। हमारी सरकार ने कर्मचारियों को ओपीएस दी है। न्यू पेंशन में जिस कर्मचारी को 5 हजार मिलते थे अब उनको 50 हजार मिल रहे हैं। इससे जयराम बौखला गए हैं। उन्हें ओपीएस की फ़ाइल सपने में दिख रही है, जयराम कह रहे हैं कि सरकार ओपीएस की पेंशन 30 प्रतिशत करने जा रही है। नेता प्रतिपक्ष को यह फ़ाइल कहां से सपने में दिख रही है, वह ही बता सकते हैं। लू लगने से जयराम अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। सरकार आर्थिक स्थिति ठीक होने पर बोर्ड और निगमों के सभी कर्मचारियों को भी पेंशन दी जाएगी।
राजेंद्र राणा का इतिहास ठगने का रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजेंद्र राणा का इतिहास ठगने का रहा है। पहले दाल चावल बांटकर गरीब लोगों को ठगा, फिर कांग्रेस को ठगा और खुद के लिए लोकसभा व पत्नी के लिए विधानसभा का टिकट लिया। लेकिन जनता जागरूक है, उसने दोनों को हरा दिया। भाजपा सरकार में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन रहते बाढ़ के समय लोगों के कंधे पर बैठकर नाला पार किया। कैप्टन रणजीत को सेना मैडल मिला है, उन्हें सरहद पर सीना तानकर दुश्मन की गोली का सामना किया।
Leave A Comment