मुख्यमंत्री सुक्खू का भाजपा पर हमला, बोले- डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेला
किशाऊ परियोजना में हिमाचल के हितों की अनदेखी होती, अगर प्रदेश में भाजपा सरकार होती : सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेला और प्रदेश की संपदा का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को जीएसटी कंपनसेशन और आरडीजी के रूप में करीब 60 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए, लेकिन इस धन का उचित उपयोग नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की पात्रता में बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए मनरेगा में एक दिन काम करने की अनिवार्य शर्त हटाई जाएगी। परिवार की आय सीमा को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल्द ही पुलिस कांस्टेबलों के 800 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 23 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मंडी में क्षेत्रवाद का नारा देकर भाजपा ने जिले की 10 में से 9 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर विकास के मामले में पूरे मंडी जिले की अनदेखी की गई। बल्ह विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज वह प्रदेश सरकार में मंत्री होते।
ओल्ड पेंशन बहाल करने पर केंद्र ने हिमाचल की 1,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता बंद की
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि करीब 45 महीने पहले प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में आमजन की सरकार बनी और एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं और उनके दर्द को समझते हुए मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की करीब 1,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता बंद कर दी।
बल्ह को सौगात, नेरचौक में जल शक्ति व विद्युत बोर्ड के डिवीजन और डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकासात्मक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने बल्ह क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए 3 करोड़ रूपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने डंपिंग साइट के लिए 1 करोड़ रुपये, कंसा स्टेडियम की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रिडू, नालू तथा सरयाड सड़क को पक्का करने के लिए 60 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिला मंडलों के लिए 35-35 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गुरकोटा में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की।
इससे पहले, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व सीपीएस सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर, शशि शर्मा, लाल सिंह कौशल, जगदीश रेड्डी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, नरेश चौहान, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
.
Leave A Comment