Echo

राज्य सचिवालय में नए मुख्यमंत्री कार्यालय का उद्घाटन


 मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को राज्य सचिवालय में नवनिर्मित मुख्यमंत्री कार्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मुख्यमंत्री कार्यालय का निर्माण करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें कार्यालय के अलावा करीब 40 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के शुरू होने से अब सचिवालय के बाहर वाहनों को खड़ा करने की आवश्यकता नहीं होगी और वाहन पार्किंग में ही खड़े किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फेज-वन है। इसके साथ ही आगे मंत्रियों के लिए भी कार्यालय बनाए जाएंगे, जहां सभी मंत्री बैठकर अपना कामकाज करेंगे।
 
 
‘यह मेरा घर नहीं, एक संस्थान का कार्यालय है’
नए मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका घर नहीं, बल्कि एक संस्थान का कार्यालय है। यहां लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए मुख्यमंत्री बैठते हैं और अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान लोकतंत्र की परंपराओं और मर्यादाओं को बनाए रखने का प्रतीक है तथा यह किसी एक व्यक्ति से जुड़ा हुआ नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15-20 साल बाद अगर कोई  विपक्ष का मुख्यमंत्री बनेगा तो, वह भी इसी कार्यालय में बैठेगा।
फिजूलखर्ची के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने 1000 करोड़ रुपये की बिल्डिंग बनाई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय किसी व्यक्ति का निजी कार्यालय नहीं, बल्कि एक संस्थान का कार्यालय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भविष्य में विपक्ष का कोई नेता मुख्यमंत्री बनता है तो वह भी इसी कार्यालय में बैठेगा। उन्होंने कहा कि कई बार यह कहा जाता था कि डीसी के कार्यालय मुख्यमंत्री कार्यालय से बेहतर हैं। अब यह एक संस्थागत कार्यालय के रूप में तैयार किया गया है।
मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल  के  जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं,  प्रदेश मंत्रिंमंडल का विस्तार होगा और विभाग भी  बंटेंगे। 



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment