Echo

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, 3 सितंबर तक होंगी 10 बैठकें



हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। यह सत्र 3 सितंबर तक चलेगा और इस दौरान सदन की कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न राजनीतिक, जनहित और विकासात्मक मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
मानसून सत्र हमामेंदार होने के पूरे आसार है। विपक्ष सदन में सत्ता पक्ष को कई मुद्दों पर घेर सकता है और वहीं सत्ता पक्ष भी सरकार का रूख पूरी स्पष्टता से रखेगा। विपक्ष की ओर से प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सदन में उठाया जा सकता है, जबकि सरकार अपनी नीतियों और निर्णयों पर सदन के समक्ष अपना पक्ष रखेगी।
इस मानसून सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 1,036 प्रश्न लगाए गए हैं। इनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन प्रश्नों के माध्यम से विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं के साथ-साथ प्रदेश स्तर के विभिन्न विषयों पर सरकार से जानकारी और जवाब प्राप्त करेंगे।
सत्र के पहले दिन सदन में 67 प्रश्न सूचीबद्ध हैं, जिनमें 48 तारांकित और 19 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।
सत्र के दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, सरकारी संस्थानों में रिक्त पदों और विभिन्न विकास कार्यों सहित स्थानीय एवं प्रदेश स्तर के मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विषयों को सदन के माध्यम से सरकार के समक्ष रखेंगे।
विधायकों की ओर से विधानसभा सचिवालय को विभिन्न नियमों के तहत कई सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 2, नियम 101 के तहत 5 और नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इन सूचनाओं के माध्यम से सदस्य महत्वपूर्ण विषयों पर सदन का ध्यान आकर्षित करने और चर्चा कराने का प्रयास कर सकेंगे। मानसून सत्र के दौरान 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है।
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment