Echo

मुख्यमंत्री की वन मित्रों को सौगात, मानदेय बढ़ाकर इतना किया


 



घुमारवीं में सीएम सुक्खू ने किया वन महोत्सव का शुभारंभ, इस साल इतने पौधे लगाने का लक्ष्य
 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए वन मित्रों के मासिक मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने सहजन का पौधा भी रोपा। वन महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में 7,000 हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके उपरांत, दधोल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भराड़ी उप-तहसील को तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटवाड़ में डॉक्टरों के दो अतिरिक्त पद सृजित करने, तड़ौन ग्राम पंचायत में पशु औषधालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में एमबीए, एमसीए और एमटीए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय घंडावली में बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बदले 17 अगस्त, 2026 को प्रदेश के सभी विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की।
 
 
 
प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त ‘सिंगल इंजन’ सरकार कार्य
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब ‘डबल इंजन’ की सरकार थी, तब प्रदेश के हितों और अधिकारों से समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त ‘सिंगल इंजन’ सरकार कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के कल्याण के लिए उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए अब तक 6,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा आने वाले समय में 4,000 और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रदेश में 156 से अधिक सीबीएसई विद्यालय खोले गए हैं और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं और जरूरतों को समझकर, मांग करने से पहले ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना ही ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मैंने भी आप में से कई लोगों की तरह सरकारी स्कूल में पढ़ाई की है, इसलिए मैं आम आदमी की समस्याओं को समझता हूं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के किसी भी भाजपा सांसद या विधायक ने प्रदेश के प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए केंद्र सरकार से मदद नहीं मांगी, जबकि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 में प्रभावित परिवारों की परेशानियां कम करने के लिए प्रदेश को 1,500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की थी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर एवं तिलक राज शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, सक्षम गुड़िया बोर्ड की अध्यक्ष अरुणा महाजन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजय गुलैरिया एवं उपाध्यक्ष राकेश कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। 



Share:
Share:
Comment
Leave A Comment