Echo

स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26: हिमाचल के 11 स्कूलों को राष्ट्रीय सम्मान


 
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 के तहत हिमाचल प्रदेश के 11 विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट के लिए चयन हुआ है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राष्ट्रीय मेरिट सूची में 11 विद्यालयों का स्थान बनाना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव का विषय है। यह सफलता प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा द्वारा संचालित विभिन्न पहलों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय समुदाय के साझा प्रयासों, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
 

 
ग्रामीण श्रेणी-1में छह विद्यालयों ने बनाया स्थान
राष्ट्रीय मेरिट सूची की ग्रामीण श्रेणी-1 में हिमाचल के छह विद्यालय शामिल हुए हैं। इनमें बिलासपुर जिले के जीपीएस नंद ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कुल्लू जिले के जीएचएस जिला-एज छठे स्थान पर रहा, जबकि सिरमौर जिले के जीएमएस धमून ने 14वां स्थान हासिल किया। ऊना जिले के जीपीएस गगरेट (एस) को 22वां, कांगड़ा जिले के जीपीएस बंडोल को 32वां तथा कुल्लू जिले के स्नोवर वैली इंटरनेशनल स्कूल को 55वां राष्ट्रीय स्थान मिला है।
 
 
ग्रामीण श्रेणी-2में चार विद्यालयों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
ग्रामीण श्रेणी-2 में प्रदेश के चार विद्यालयों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सिरमौर जिले के पीएम श्री पंडित दीनदयाल जीएमएसएसएस नारग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। हमीरपुर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, भोरंज को 10वां स्थान मिला है। ऊना जिले के जीएसएसएस बुधान तथा सोलन जिले के लॉरेंस स्कूल, सनावर दोनों ने राष्ट्रीय स्तर पर 31वां स्थान प्राप्त किया है। 
वहीं शहरी श्रेणी-2 में कांगड़ा जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, बैजनाथ ने राष्ट्रीय स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त कर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है।
 
 
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के मानकों पर मिली राष्ट्रीय पहचान
हिमाचल के इन विद्यालयों का चयन स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा हरित परिसर के विकास जैसे प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। चयनित प्रत्येक विद्यालय को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट के साथ एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, जिससे विद्यालयों में स्वच्छ एवं हरित गतिविधियों को और सुदृढ़ किया जा सके। इसके अलावा चयनित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों के लिए विशेष शैक्षणिक एक्सपोज़र विज़िट भी आयोजित की जाएगी, ताकि वे देशभर में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नवाचारों का अध्ययन कर सकें।
 
 
स्वच्छ, हरित और टिकाऊ विद्यालय परिसरों के विकास पर विशेष फोकस: राजेश शर्मा
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ, हरित और टिकाऊ विद्यालय परिसरों के विकास को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के इन  विद्यालयों ने राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट हासिल कर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने चयनित सभी विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता का प्रमाण है।
 
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment