रजनी पाटिल ने कांग्रेस नेताओं को एकजुटता की दी नसीहत
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए एकजुट होकर कार्य करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे संगठन विस्तार अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा सभी स्तरों पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाया जाए।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि सभी ब्लॉकों में ब्लॉक, जोन और पंचायत स्तर की समितियों का शीघ्र गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला, ब्लॉक और जोन कांग्रेस इकाइयों की मासिक बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि इन बैठकों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भी भेजी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में जिस पदाधिकारी को जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ निभाना होगा। रजनी पाटिल ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस के अपने कार्यालय भवन स्थापित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को तथ्यों के साथ उजागर करेंगे: सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभा को संबोधित करते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से विपक्ष द्वारा मीडिया और सोशल मीडिया पर किए जाने वाले कथित दुष्प्रचार का तथ्यात्मक और प्रभावी जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को उनकी सरकार पूरे तथ्यों और प्रमाणों के साथ जनता के सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में राज्य सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब चुनावी दौर की ओर बढ़ रहा है और सरकार अपनी सभी चुनावी गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में जल्द ही कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वह स्वयं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन हित में पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
एक महीने में 8 से 10 हजार लोग कांग्रेस से जुड़ेंगेः विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान को और गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले ही दिन शिमला में भाजपा के 300 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने दावा किया कि अगले एक महीने में 8 से 10 हजार लोग कांग्रेस से जुड़ेंगे। विनय कुमार ने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह की 1 से 10 तारीख के बीच नियमित बैठकें आयोजित की जाएं तथा उनकी पूरी कार्यवाही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कंट्रोल एवं समन्वय कक्ष को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के लिए एक मंत्री को प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि वह संगठनात्मक बैठकों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव सीधे सुन सकें। आम सभा को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी चेतन चौहान तथा विदित चौधरी ने भी संबोधित किया। सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों की जानकारी साझा की।
Leave A Comment