Echo

स्कूलों में पढ़ाई के साथ फिटनेस भी, 74 पीएम श्री विद्यालयों में ओपन जिम



समग्र शिक्षा प्रदेश के स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी समान महत्व दे रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित करने की पहल शुरू की गई है। पहले चरण में राज्य के 74 पीएम श्री विद्यालयों में लगभग ₹270.10 लाख की लागत से ओपन जिम बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 14 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में भी लगभग ₹70 लाख की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि छात्राओं को विद्यालय परिसर में ही आधुनिक फिटनेस सुविधाओं का लाभ मिल सके। यह पहल विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में फिटनेस के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने का अवसर भी मिलेगा।
पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, स्वास्थ्य और आधुनिक अधोसंरचना के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। समग्र शिक्षा का उद्देश्य विद्यालयों में ऐसा समावेशी और प्रेरणादायी वातावरण तैयार करना है, जहां विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और जीवन कौशल का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। ओपन जिम की स्थापना इसी व्यापक सोच का हिस्सा है, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।




सर्वांगीण विकास की अवधारणा को मिल रही मजबूती

समग्र शिक्षा की यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की अवधारणा को और मजबूत बना रही है। विद्यालयों में उपलब्ध ओपन जिम सुविधाएं बच्चों को नियमित रूप से व्यायाम करने के लिए प्रेरित करेंगी, जिससे उनमें फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और खेल गतिविधियों में उनकी भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा। नियमित व्यायाम से बच्चों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इसके साथ ही यह तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आज के समय में जब बच्चों की जीवनशैली अधिकतर बैठकर पढ़ने और डिजिटल उपकरणों के उपयोग पर आधारित होती जा रही है, ऐसे में विद्यालयों में ओपन जिम की सुविधा उन्हें सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी।
ओपन जिम के उपयोग से छात्र-छात्राएं नियमित शारीरिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होगा। विद्यालय परिसर में उपलब्ध ये सुविधाएं बच्चों में कम उम्र से ही फिटनेस की आदत विकसित करने में मदद करेंगी और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पीएम श्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बच्चों में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित होगी, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगी।


 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment