मुख्यमंत्री ने संजौली में 3.18 करोड़ रुपये से निर्मित बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के संजौली में 3.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के लिए खुला मैदान, ओपन हॉल, रसोईघर, बहुउद्देशीय हॉल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर खेल अवसंरचना उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के तहत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली ‘चिट्टा जागरूकता वॉलीबॉल प्रतियोगिता’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया तथा विजेता टीम के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से आई 13 टीमों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली और सभी खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को नशा निवारण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संजौली मैदान के विकास एवं विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान करने, क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) स्थापित करने तथा संजौली होली मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है और इस दिशा में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई खेल नीति भी शीघ्र लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिमला के निकट घटासनी में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
खिलाड़ियों की चुनौतियों को करीब से समझता हूं: मुख्यमंत्री
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी विद्यालयी स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, इसलिए वह खिलाड़ियों की जरूरतों, चुनौतियों और अपेक्षाओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने डाइट मनी में भी वृद्धि की है। अब प्रदेश के भीतर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये तथा प्रदेश से बाहर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को प्रतिदिन 500 रुपये डाइट मनी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा के लिए हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने और ऐतिहासिक खेल मैदानों में से एक है। लंबे समय से यहां आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयास उनकी दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि शिमला शहर में अन्य खेल मैदानों के विकास के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Leave A Comment