Echo

चिनार से हरा-भरा होगा शिमला, मुख्यमंत्री ने शुरू किया विशेष वृक्षारोपण अभियान


 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को ओक ओवर, शिमला में चिनार वृक्षारोपण अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। अपनी घनी छाया, आकर्षक स्वरूप और पर्यावरणीय महत्व के लिए प्रसिद्ध चिनार वृक्ष को शिमला की जलवायु के लिए अत्यंत उपयुक्त माना जाता है। इस अभियान का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वानिकी, पर्यावरण प्रबंधन और ईको-टूरिज्म से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकाशनों का भी विमोचन किया। इनमें वन विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के लिए तैयार फील्ड हैंडबुक ‘वन बोध’, प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ. संजय सूद द्वारा लिखित ‘एनवायरनमेंटल मैनेजमेंट एंड रेगुलेशंस’ तथा ‘फॉरेस्ट्री प्रोजेक्ट्स: फॉरेस्ट कंजर्वेशन, लाइवलीहुड इम्प्रूवमेंट एंड इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट’ शामिल हैं। इस प्रकाशन में जेआईसीए, केएफडब्ल्यू और आईडीपी परियोजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण दिया गया है। 
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के 75 ईको-टूरिज्म स्थलों पर आधारित एक आकर्षक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया, जिसमें राज्य के प्रमुख पर्यावरणीय पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को प्रस्तुत किया गया है। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये प्रकाशन वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं तथा पर्यावरण संरक्षण में रुचि रखने वाले सभी लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये पुस्तकें वन प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और ईको-टूरिज्म के क्षेत्रों में ज्ञानवर्धन और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए उनसे पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने तथा हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। 
 
 

विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों को भेंट किए पौधे 
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर, शिमला के विद्यार्थियों तथा ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के बच्चों को पौधे भेंट कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 
इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुदर्शन बबलू और हरदीप बावा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष के.एस. खाची, एचपीसीसी के महासचिव विनोद जिंटा, मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ. संजय सूद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 
 

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment