प्रदेश में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 2000 करोड़ रुपये होंगे खर्चः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बंगाणा में डीएसपी और सब-जज कोर्ट खोलने की घोषणा की
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान 14.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल पंगा पेयजल की योजना का शिलान्यास किया। इससे बुधान, चमयाड़ी, धुंगले, लठियाणी और तनोह ग्राम पंचायतों के 10 हजार से निवासियों को लाभ होगा। उन्होंने सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकाल और सामर्थ्य व्यायामशाला का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमत्री ने बंगाणा में डीएसपी ऑफिस और सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने रैनसरी और लठियाणी में पीएचसी खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि समारोह में उपस्थित महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले वित्त वर्ष से आधुनिक तकनीक से पानी को साफ करने पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के लोग स्वस्थ और बीमारियों से भी दूर रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा अपने क्षेत्र के लोगों के काम करवाने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन लेकर सचिवालय में आते हैं और लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं। यह उनका सेवा भाव है और अपने क्षेत्र के लिए हमेशा समर्पण के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि 32 साल बाद कुटलैहड़ से कांग्रेस का विधायक बना, लेकिन पूर्व विधायक अपने टेंडरों की बात करने मेरे पास आते थे। कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर जीतने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ धोखा किया क्योंकि उनकी नीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी कभी भी हार नहीं सकती है और विवेक शर्मा उसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विवेक शर्मा गुणवान भी हैं और भाग्यवान भी हैं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता विवेक शर्मा को हमेशा आशीर्वाद देती है।
हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पंजाब से बहुत बेहतर
पंजाब के वित्त मंत्री पर पलटवार करते हुए ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पंजाब से बहुत बेहतर है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब में ओपीएस देने की बात की थी। अब चुनाव सिर पर हैं लेकिन आज तक सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस नहीं दी गई है। जबकि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में अपने कर्मचारियों को ओपीएस दी। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की संपदा को किसी भी कीमत पर लुटने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जीवन में संघर्ष किया है और लोगों के दर्द को भली-भांति जानते हैं इसीलिए लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कुटलैहड़ की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपके और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई।
मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार ने एक हजार करोड़ के भवन बनाए
भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने चुनाव जीतने के लिए जनता का पैसा लुटा दिया। उन्होंने कहा, ‘‘अपने मित्रों की झोली भरने के लिए पूर्व भाजपा सरकार ने एक हजार करोड़ रुपये के भवन बना दिए, जो खाली पड़े हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के वीरों ने चार परमवीर चक्र जीते हैं लेकिन आज युवाओं को अग्निवीर बनाकर चार वर्ष में रिटायर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के रोजगार के अधिकार मनरेगा को भी भाजपा ने छीन लिया है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल के लोगों का आरडीजी के रूप में मिलने वाली आर्थिक सहायता का संवैधानिक अधिकार भी छीन लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरडीजी पर विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के विधायक आरडीजी के पक्ष में खड़े नहीं हुए, जो प्रदेश के लोगों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार को 54 हजार करोड़ रुपये आरडीजी तथा 16 हजार करोड़ रुपये जीएसटी कंपनसेशन के रुप में कुल 70 हजार करोड़ रुपये मिले जबकि वर्तमान सरकार को 17 हजार करोड़ रुपये आरडीजी ही मिली। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें 70 हजार करोड़ रुपये मिले होते तो आज हिमाचल प्रदेश पर एक रुपये भी कर्ज नहीं होता। आज हमें कर्ज वापिस करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है लेकिन फिर भी हम हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की ओर ले जा रहे हैं।’’
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विवेक शर्मा ने भी जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया व सुदर्शन बबलू, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा एवं दिग्विजय मल्होत्रा, नशा निवारण बोर्ड के उप-संयोजक संजय भारद्वाज, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम, राम आसरा शर्मा, रणजीत राणा, विवेक मिंका, रूबल ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
Leave A Comment