Echo

फर्जी कोटेशन से एक दिन में वर्क ऑर्डर, एक दिन में काम और पांच दिन में पेमेंट, ठेकेदार गिरफ्तार


सोलन जिले के परवाणु में फर्जीवाड़े के एक गंभीर मामले में पुलिस ने ठेकेदार सतीश बेरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी कोटेशन के आधार पर एक ही दिन में वर्क ऑर्डर लेने, उसी दिन काम पूरा दिखाने और बिल तैयार कर पांच दिन के भीतर भुगतान हासिल करने के आरोप हैं। विजिलेंस की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर परवाणु पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नगर परिषद परवाणु से संबंधित कार्य के लिए तीन अनिवार्य कोटेशन फर्जी तरीके से तैयार किए गए। इन्हीं फर्जी कोटेशन के आधार पर 11 जून 2020 को टेंडर प्राप्त किया गया। हैरानी की बात यह है कि उसी दिन आरोपी ने 83 फ्लैटों की बिजली टेस्ट रिपोर्ट तैयार कर नगर परिषद को सौंप दी और उसी दिन बिल भी जमा कर दिया गया। इसके महज पांच दिन बाद भुगतान भी ले लिया गया। दस्तावेजों की जांच में जालसाजी प्रमाणित होने पर मामले में IPC की धारा 467 को भी जोड़ा गया।


ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाकर काम हासिल करने के आरोप
इस मामले की शिकायत परवाणु निवासी रजा राम भारती ने की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार सतीश बेरी स्वयं को समाजसेवी बताकर सरकारी अधिकारियों को आरटीआई के जरिए ब्लैकमेल करता था। सतीश बेरी बिजली विभाग का ठेकेदार है, जबकि उसका पुत्र नगर परिषद परवाणु में सिविल वर्क का ठेकेदार है। आरोप है कि वह विभिन्न सरकारी विभागों पर दबाव बनाकर अपने और अपने पुत्र के लिए सरकारी काम हासिल करता रहा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अधिकारियों को धमकाकर और ब्लैकमेल कर विभिन्न विभागों से सरकारी कार्य प्राप्त किए।

 
फर्जी बिजली टेस्ट रिपोर्ट और अवैध वसूली, हिमुडा के कार्य को दिखाया अपना
जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि शमशान घाट के समीप स्थित स्लम बस्ती सेक्टर-4 हिमुडा के फ्लैटों में बिजली की टेस्ट रिपोर्ट फर्जी तरीके से तैयार कर नगर परिषद परवाणु को सौंपी गई। इसके बदले पैसे भी वसूले गए, जबकि वास्तविक वायरिंग का कार्य हिमुडा द्वारा किसी अन्य ठेकेदार से कराया गया था।  जांच के दौरान नगर परिषद परवाणु से संबंधित संपूर्ण रिकॉर्ड पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। उपलब्ध रिकॉर्ड और विजिलेंस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश बेरी को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

Share:
Share:
Comment
Leave A Comment