मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने टोंग-लेन स्कूल का दौरा किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला के सराह स्थित टोंग-लेन स्कूल का दौरा किया और वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से आत्मीय बातचीत की। बच्चों ने अपनी रुचियों, सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में साझा किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे बढ़ने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टोंग-लेन संस्थान प्रारंभ से ही झुग्गी-झोपड़ी और वंचित परिवारों के बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को न केवल सशक्त बना रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी भाव सिखा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार जन-केन्द्रित सोच के साथ कार्य कर रही है और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों तथा कल्याण की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अनाथ एवं निराश्रित बच्चों को उच्च और व्यावसायिक शिक्षा के लिए व्यापक सहयोग प्रदान करने हेतु ‘मुख्यमंत्री सुख आश्रय सहायता कोष’ की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से सरकार ऐसे बच्चों की शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन कर रही है, ताकि वे बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। बता दें टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कार्यरत है और टोंग-लेन स्कूल के माध्यम से उन्हें सुरक्षित, प्रेरणादायक और सीखने के अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है। इस कार्यक्रम में उपायुक्त हेमराज बैरवा, टोंग-लेन ट्रस्ट के प्रतिनिधि, स्कूल की शिक्षण टीम तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
Leave A Comment