Echo

मोदी सरकार ने की हजारों करोड़ की मदद , हिमाचल सरकार खर्च न कर पाई: अनुराग ठाकुर


पूर्व  केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार को रोने की आदत पड़ गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आपदा के समय हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी, लेकिन राज्य सरकार उस धनराशि का सही उपयोग नहीं कर पाई। अनुराग ठाकुर आज मंडी पहुंचे जहां पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। अनुराग ठाकुर ने कहा कि  केंद्र सरकार ने हिमाचल को 93,262 मकान एक साथ स्वीकृत किए, जो अब तक किसी भी सरकार द्वारा दिए गए मकानों से कहीं अधिक हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार कुछ पैसा खर्च न कर पाने के कारण वापस करने पर मजबूर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर बेवजह आरोप लगा रही है।


आपदा पीड़ितों को तिरपाल तक नहीं मिला, सरकार सोई रही
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को सात लाख रुपये प्रति घर देने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत यह रही कि कई परिवारों को एक तिरपाल तक नहीं मिला। कुछ स्थानों पर 12-12 घरों के लिए एक ही तिरपाल दिया गया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीड़ितों को भाजपा और कांग्रेस समर्थक कहकर बांटा गया, जिससे स्पष्ट है कि सरकार संवेदनशीलता खो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास इस सरकार से उठ चुका है और अब लोग भाजपा की ओर देख रहे हैं।


कांग्रेस की दस गारंटियां अधूरी, वादे रह गए कागजों पर

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी दस गारंटियों के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब तक एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये, पांच लाख नौकरियां, दो रुपये किलो गोबर खरीद और 100 रुपये प्रति लीटर दूध खरीद जैसे वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है, जबकि भाजपा आने वाले  समय में सरकार की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।

 
पार्टी कार्यकर्ता हूं, जनता की सेवा ही लक्ष्य
जब पत्रकारों ने पूछा कि जनता उन्हें भावी मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है, तो अनुराग ठाकुर ने कहा कि ऐसी बातें सोशल मीडिया पर चलती रहती हैं। उन्होंने कहा कि वे एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं और पार्टी के हित में कार्य करते रहेंगे। ठाकुर ने कहा कि भाजपा 2027 में सत्ता में लौटकर हिमाचल की जनता की  अकाक्षाओं को पूरा करेगी।  कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर प्रदेश में शुरू किए गए वोट चोर, कुर्सी छोड़ अभियान पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान प्रदेश की अपनी सरकार के लिए झूठे वादे गद्दी छोड़ वाला होना चाहिए।


वोटर वेरिफिकेशन पर विपक्ष को घेरा
बिहार में मतदाता सत्यापन अभियान को लेकर ठाकुर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की इस पहल को सही ठहराया है और लगभग 50 लाख फर्जी वोटर हटाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment