न्यूजीलैंड सेब-नाशपाती की खेती में हिमाचल को देगा सहयोग
हिमाचल प्रदेश में सेब और नाशपाती की खेती अब और भी उन्नत होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज न्यूजीलैंड के उच्च आयुक्त पैट्रिक जॉन राटा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड में कई समानताएं हैं और बागवानी क्षेत्र, विशेषकर सेब और नाशपाती की खेती, में सहयोग से राज्य के बागवानों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश न्यूजीलैंड की उन्नत बागवानी तकनीक, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और किसानों के प्रशिक्षण से लाभान्वित हो सकता है। इस सहयोग से उत्पादन बढ़ेगा, फसल उपरांत प्रबंधन मजबूत होगा और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा कर हिमाचल के उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी।
विशेषज्ञों की मदद से होगा उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार
न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ उच्च घनत्व बागवानी, बगीचों का प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण, भंडारण और विपणन रणनीतियों जैसे क्षेत्रों में हिमाचल प्रदेश का मार्गदर्शन कर सकते हैं। इससे न केवल उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि बागवानी आधारित प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सेब उत्पादकों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले ढाई वर्षों में इसी दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सल कार्टन की शुरुआत से बागवानों को सेब के बेहतर दाम मिल रहे हैं। न्यूजीलैंड की विशेषज्ञता के सहयोग से प्रदेश आधुनिक, सतत और जलवायु अनुकूल तकनीकों को अपनाकर सेब और नाशपाती की खेती में नए युग की शुरुआत करेगा।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने दिए अहम सुझाव
इस अवसर पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। बैठक में सचिव बागवानी सी. पालरासू, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, निदेशक बागवानी विनय सिंह, सीईओ एनजीएपीआई कैरेन मोरिश, प्रबंध निदेशक एप्लाइड रिसर्च एंड टेक्नोलोजिज़ डॉ. डेविड मैंकटेलो, गैरी जोन्स और डेनिएला एडसेड भी उपस्थित रहे।
Leave A Comment