सीएम सुक्खू से मिला NGO (त्रिलोक गुट), सेवानिवृत्त आयु 58 से 59 करने की मांग
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर के नेतृत्व में महासंघ ने माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ बैठक की। इस अवसर पर माननीय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उपस्थित रहे। बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण, आत्मीय और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिससे सरकार और कर्मचारियों के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक मजबूती मिली।
बैठक के दौरान महासंघ ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया। इनमें सेवानिवृत्ति आयु को 58 वर्ष से बढ़ाकर 59 वर्ष करने, पेंशनरों के लिए कंप्यूटेशन स्कीम को यथावत बनाए रखने तथा नियमित भर्तियों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अत्यंत संवेदनशीलता, गंभीरता और खुले हृदय से महासंघ के प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा निदेशालय को स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है। शिक्षा निदेशालय (उच्च) और शिक्षा निदेशालय (स्कूल) दोनों अपनी वर्तमान स्थिति में बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ असत्यापित और भ्रामक अफवाहों के माध्यम से सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार की स्पष्ट नीति है कि जिन विभागों के पास अपनी भूमि है, उन्हें शिमला से स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो कार्यालय किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, उनके स्थानांतरण अथवा अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच, संवेदनशील नेतृत्व और कर्मचारी हितैषी दृष्टिकोण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस आत्मीयता और गंभीरता से कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया, वह पूरे प्रदेश के कर्मचारी वर्ग के लिए एक नई आशा की किरण है। साथ ही, उन्होंने शिक्षारोहित ठाकुर का भी विशेष धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के हितों को सदैव प्राथमिकता दी है।
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के गैर-शिक्षक कर्मचारियों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। माननीय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग के सभी कर्मचारियों की पदोन्नति और नियुक्तियां समयबद्ध रूप से की जाएंगी तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के उपरांत, शिक्षा निदेशालय से संबंधित मुद्दों पर कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करने एवं संवाद स्थापित करने हेतु हिमाचल प्रदेश गैर-शिक्षक कर्मचारी महासंघ द्वारा आगामी सोमवार को एक 'जनरल हाउस' का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में शिक्षा निदेशालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, ताकि वे सरकार की नीतियों और निर्णयों के बारे में सीधे तौर पर अवगत हो सकें।
महासंघ ने सभी कर्मचारियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा संगठन की एकजुटता को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया। साथ ही, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।।
Leave A Comment