Echo

सीएम सुक्खू कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में होंगे शामिल, खड़गे से भी करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में शामिल होंगे। वर्किंग कमेटी में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने लेकर चर्चा होगी। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी शामिल होंगी।   
इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय अध्यक्ष को बिलासपुर में होने जा रहे सरकार के दो साल के समारोह में आने के लिए  आमंत्रण देंगे। इस दौरान प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर भी चर्चा की जा सकती है, क्योंकि कांग्रेस  हाईकमान ने हिमाचल में कांग्रेस की राज्य, जिला व ब्लाक कार्यकारिणी भंग कर रखी है। प्रदेश में नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए हाईकमान ने पहली बार संसदीय क्षेत्र स्तर पर चार पर्यवेक्षक और सभी 12 जिलों के लिए  भी अलग से भी ऑब्जर्वर लगाए हैं। दो राष्ट्रीय सचिव भी शिमला में तीन दिनों तक प्रदेश कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल व दूसरे फ्रंटल संगठनों के नेताओं से फीडबैक ले चुके हैं।
वहीं प्रतिभा सिंह भी प्रदेश में कांग्रेस के नए संगठन को लेकर भी हाईकमान से चर्चा कर सकती हैं। इस तरह सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू गुट और होलीलॉज खेमा कार्यकारिणी में अपने-अपने समर्थकों की ताजपोशी के लिए लॉबिंग कर रहे हैं।
यही नहीं कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर भी मुख्यमंत्री राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ  चर्चा कर सकते हैं क्योंकि मंत्रिमंडल में एक पद अभी खाली है। हाईकोर्ट द्वारा सीपीएस हटाने के बाद मंत्री पद के दावेदारों की संख्या भी बढ़ गई है। ऐसे में इस बैठक के दौरान इसको लेकर भी चर्चा होगी।  
इनके अलावा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी आज दिल्ली में हैं। उनकी केंद्रीय मंत्री के साथ मीटिंग संभावित है। इसके अलावा वे भी केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
 


Share:
Share:
Comment
Leave A Comment