शिमला के जुन्गा में फ्लाइंग फेस्टिवल शुरू, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
शिमला के जुन्गा में बुधवार को फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2024 शुरू हो गया है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियां सीखने के लिए प्रेरित करना चाहिए तभी ऐसे फ्लाइंग फेस्टिवल सफल होंगे।
राज्यपाल ने कहा कि लोग शायद ही देश के विभिन्न राज्यों की राजधानी के नाम जानते हो लेकिन हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का नाम सबको पता है और इसकी अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी अलग पहचान है। उन्होंने आयोजनकर्ता अरुण रावत और उनकी टीम को फ्लाइंग फेस्टिवल के आयोजन के लिए बधाई दी और क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से निश्चित ही पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलेगा और क्षेत्र के लोगों को भी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के लिए विश्व भर में पहचाना जाता है। प्रदेश की संस्कृति विविध है और हर क्षेत्र की बोली अलग है। उन्होंने कहा कि सेब की फसल से ही प्रदेश की आर्थिकी 5500 करोड़ रूपए की है और फ्लाइंग फेस्टिवल जैसी गतिविधियों से आर्थिकी और सुदृढ़ होगी। अकेले मनाली में 3000 से ज्यादा होटल हैं जो कि अन्य राज्यों से आने वाले सैलानियों का प्रदेश के प्रति लगाव को दर्शाता है।
राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताई
शिव प्रताप शुक्ल ने प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास करने होंगे। केवल पुलिस बल से नशे को खत्म नहीं किया जा सकता, इसके लिए सभी को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का आयोजन कर रहे शिमला ग्लाइड इन के प्रबंध निदेशक अरुण रावत ने कहा कि 18 अक्टूबर को पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और ग्रेट खली मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। 19 अक्टूबर को प्रतियोगिता का समापन होगा।
अरुण रावत ने बताया कि प्रतियोगिता जीतने वाली पैराग्लाइडिंग टीम को नकद 5 लाख और सोलो क्लास में प्रथम पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागी को 2.25 लाख रुपए नगद इनाम दिया जाएगा। फ्लाइंग फेस्टिवल में स्पॉट लैंडिंग पैराग्लाइडिंग चैम्पियनशिप रखी गई है। इसमें पायलट सोलो और टीम श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
इस दौरान राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन नेगी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Leave A Comment