निष्ठावान-कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में मिले जगहः प्रतिभा सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पार्टी की मजबूती के लिए प्रदेश कार्यकारिणी में निष्ठावान व कर्मठ लोगों को अवसर देने की जरूरत है। पार्टी मुख्यालय शिमला में पीसीसी की बैठक में प्रतिभा सिंह ने साफ लहजे में कहा कि लंबे समय से पार्टी के लिये कार्य करने वाले लोगों को प्रदेश सरकार में भागीदारी मिलनी चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा जबकि विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस ने 9 सीटों में से छह पर जीत हासिल की। लोकसभा चुनावों में हार के कारणों पर गहन मंथन की जरूरत है।
कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलना चाहिएः विदित चौधरी
एआईसीसी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को मान सम्मान मिले इसके वह पूरे प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होती है और उनकी मजबूती से ही किसी भी प्रदेश में किसी भी पार्टी की सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की पूरी बात सुनी जानी चाहिए और उनको पूरा मान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो सरकार मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद रहना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक से कई मंत्री, सीपीएस और अन्य बड़े नेता नदारद रहे। इस बैठक में विपक्षी भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए रणनीति तैयार की जानी थी। लेकिन बड़े नेताओं की गैर मौजूगी के चलते कई मसलों पर चर्चा नहीं हो पाई।
Leave A Comment