अवैध मस्जिद हटाने की मांग को लेकर सुन्नी सहित कई जगहों पर प्रदर्शन
शिमला के संजौली की अवैध मस्जिद के खिलाफ विरोध की चिंगारी पूरे प्रदेश में फैल गई है। शनिवार को हिंदू संगठनों के आवाहन पर पूरे प्रदेश में दो से तीन घंटे बाजार बंद रखे गए और लोगों ने धरना प्रदर्शन किए।
अवैध हटाने और बाहर से आने वाले प्रवासियों की वेरिफिकेशन करने की मांग को लेकर शनिवार को शिमला के सुन्नी सहित कई जगहों पर प्रदर्शन किए गए। हिंदू संगठनों ने शिमला के संजौली की अवैध मस्जिद के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस लाठीचार्ज का विरोध किया। लोगों ने अवैध निर्माण हटाने और बाहरी प्रवासियों की जांच की भी मांग की।
सुन्नी में अवैध तरीके से हिमाचल आ रहे बाहरी लोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और सुन्नी बाजार में एक रैली निकाली गई। सुन्नी चौक पर रैली पहुंचने के बाद यहां पर लोगों को संबोधित किया गया, जिसमें संजौली में मस्जिद के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस लाठीचार्ज का विरोध किया गया। प्रदर्शन में शामिल रहे लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की भी मांग की गई। लोगों ने प्रदेश सरकार को चेताया कि अगर इनके खिलाफ दर्ज केस जल्द वापस नहीं लिए गए तो प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन होंगे। लोगों ने मांग की कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की वेरिफिकेशन कराई जाए। वहीं लोगों ने सुन्नी में बनी मस्जिद की जांच की मांग भी उठाई। लोगों ने सुन्नी चौक पर हनुमान चालीसा का भी पाठ किया। इसके बाद लोगों ने तहसीलदार को इस बारे में एक ज्ञापन भी दिया।
इसके अलावा हिंदू संगठनों के आवाहन पर बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू के अखाड़ा बाजार, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में भी हिंदू संगठन के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किए और दो से तीन घंटे के लिए बाजार भी बंद रखे।
Leave A Comment