Echo

मुख्यमंत्री से मिले हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा के अधिकारी, कई मांगें रखीं

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संदीप भारद्वाज के नेतृत्व में भेंट की और उन्हें अपनी मांगों से अवगत करवाया।  प्रतिनिधिमंडल में पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, डा. शिव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एचआरटीसी की बसों में रियायती यात्रा सुविधा बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और वर्तमान प्रदेश सरकार पुलिस कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस कर्मचारियों की डाइट मनी 210 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये की है, जिसमें पांच गुणा बढ़ोतरी की गई है जोकि राज्य के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है।
 
मुख्यमंत्री ने पुलिस फोर्स की सराहना की
मुख्यमंत्री ने पुलिस फोर्स की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रथम पंक्ति के रक्षक हैं, जिनकी कानून व्यवस्था को कायम रखने में अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिर और शांतिपूर्ण समाज के लिए पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है क्योंकि वे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ न्याय के लिए निष्ठा से कार्य करते हैं। 




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment