अबकी बार 57.11 लाख वोटर कर रहे मतदान
हिमाचल में इस बार के चुनावों में 57.11 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेश में शनिवार को चार लोकसभा सीटों के साथ ही 6 विधानसभा सीटों के लिए भी उपचुनाव होने हैं। हिमाचल में इस बार कुल 57,11,969 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें से 28,48,301 पुरुष और 27,97,209 महिला मतदाता, 35 थर्ड जेंडर, 64,749 सर्विस पुरुष वोटर और 1641 महिला सर्विस वोटर है। लोकसभा बार मतदाताओं की संख्या देखें तो कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में सबसे ज्यादा 15,24,032 मतदाता है। इनमें 7,55,872 पुरुष और 7,46,630 महिला मतदाता है। वहीं मंडी लोकसभा क्षेत्र में कुल 13,71,173 मतदाता है। इनमें 6,85,831 पुरुष और 6,78,224 महिला मतदाता शामिल है। इसी तरह हमीरपुर लोकसभा में कुल 14,56,099 वोटर है। इनमें 7,15,670 पुरुष और 7,16,938 महिला मतदाता है। शिमला लोकसभा में 13,54,665 मतदाता है। यहां पर 6,90,929 पुरुष और 6,55,417 महिला वोटर है।
प्रदेश में मतदान के लिए 7992 मतदान केंद्र
हिमाचल में इस बार चार लोकसभा सीटों पर 37 दावेदार चुनावी मैदान में है, जबकि विधानसभा की छह सीटों पर 25 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनका भाग्य शनिवार को ईवीएम में कैद हो जाएगा और 4 जून को इनके भाग्य का फैसला होगा। प्रदेश में मतदान के लिए अबकी बार कुल 7992 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 369 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 118, सिरमौर 58, ऊना 51, सोलन 45, चंबा 20, हमीरपुर 17, बिलासपुर, मंडी व शिमला में 16-16, किन्नौर में 7, कुल्लू में 3 और लाहौल-स्पीति में 2 मतदान केंद्र संवेदनशील है।
कल सुबह 7 बजे शुरू होगा मतदान
शुक्रवार को चुनावी शोर खत्म होने के बाद आज प्रत्याशी और उनके समर्थक केवल डोर टू डोर प्रचार कर रहे है। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। सभी पोलिंग पार्टियों को आज शाम 7 बजे तक मतदान केंद्रों पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे शनिवार को सुबह 7 बजे मतदान समय पर शुरू हो सके।
प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो, इसके लिए शराब के ठेके और शराब परोसने वाले बीयर-बार, होटल और रेस्टोरेंट एक जून रात 12 बजे तक बंद रहेंगे। इसी तरह पुलिस ने पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं को भी सील कर दिया है।
Leave A Comment