कांग्रेस के बागी विधायक निचले हिमाचल के मुख्यमंत्री को हटाने में लगे रहेः सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर भाजपा पर जुबानी हमले बोले। मुख्यमंत्री ने कहा कि बागी कांग्रेस विधायक पहली बार निचले हिमाचल से बने कांग्रेस के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए एक महीने तक लगे रहे। लेकिन जिसके साथ जनता की ताकत, भगवान और पार्टी हाईकमान का आशीर्वाद हो, उसे ऐसे लोग नहीं हटा सकते। भाजपा व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम जितनी कोशिश कर लें, कांग्रेस सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। भाजपा के मुंगेरीलाल के हसीन सपने कभी पूरे नहीं होंगे।
नादौन के विकास में भाजपा का कोई योगदान नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन के विकास में भाजपा का कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस पार्टी और मैंने इस क्षेत्र को बुलंदियों पर पहुंचाया है। आज नादौन का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर है। उन्होंने कहा कि बीते पांच साल नादौन में विकास कार्य ठप रहे, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मेरे क्षेत्र की सुध नहीं ली। भाजपा कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लाई, जो पूर्व में मंजूर विकास कार्य थे वे भी रोक दिए गए।
सुखविंदर सिंह ने कहा कि जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नादौन में अंतरराष्ट्रीय रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता मैंने करवाई। खरीड़ी मैदान में इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, नादौन में नया शॉपिंग कॉप्लेक्स बनाएंगे। आरओ का पानी हर घर पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है। इलेक्ट्रिक बस डिपो मोवालघाट में बन रहा है। टूरिज्म होटल बना रहे हैं, करोड़ों रुपये के पुलों व सड़क निर्माण के कार्य चल रहे हैं। बजट में इनके लिए राशि का प्रावधान हो चुका है। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुझे मुख्यमंत्री के तौर पर वोट दें
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जून को लड़ाई जनबल और धनबल के बीच है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के लिए दिया गया वोट मुख्यमंत्री को जाएगा। पहले नादौन की जनता मुझे विधायक के तौर पर वोट देती थी, अब मुख्यमंत्री के लिए दे। प्रदेश सरकार अभी साढ़े तीन साल कार्य करेगी, विकास की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री दिन में सपने देखते रहें, सरकार गिराकर मुख्यमंत्री बनने का उनका ख्वाब पूरा नहीं होगा।
Leave A Comment