Echo

अनुराग का प्रियंका पर बोला हमला, कहा-प्रियंका कभी लड़कियों के लिए नहीं लड़ीं

केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर जुबानी हमला बोला है।  केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी के लिए 'मैं एक लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं',   का नारा देना आसान था,  लेकिन हकीकत यह है कि वह कभी लड़कियों के लिए नहीं लड़ीं और न ही उनके साथ कभी खड़ी हुईं।  महिलाओं के साथ अत्याचार और अपराध हुए लेकिन प्रियंका कहीं भी नजर नहीं दिखीं।
 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल की महिलाओं को 1,500 रुपए देने का वादा किया था, लेकिन महिलाओं को एक भी पैसा नहीं दिया और न ही अपनी शक्ल दिखाई। उन्होंने कहा कि अब जब सरकार के जाने का समय आ गया है तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 24 घंटों में पैसे डालने की बात कर रहे हैं, लेकिन 16 माह में सरकार सोई रही।  
 
कांग्रेस का चीन व पाकिस्तान से प्यार
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर पाकिस्तान की प्रशंसा करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ऐसी कौन सी मजबूरी है कि राहुल गांधी पाकिस्तान की तारीफ कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान वालों का दिल कांग्रेस के लिए और कांग्रेस वालों का दिल पाकिस्तान वालों के लिए धड़कता है।  कांग्रेस पाकिस्तान के साथ दोस्ती करने की बात कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि जो पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, उसके साथ दोस्ती करने की कौन सी मजबूरी है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देती रहेगा, भारतीय सेना तब तक इसका मुंहतोड़ जवाब देती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि राजीव गांधी फाउंडेशन के लिए चीन से  पैसा लेने में उसकी कौन सी मजबूरी थी। रक्षा सौदों में दलाली खाने की कौन सी मजबूरी कांग्रेस की रही थी।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस एससी-एसटी, ओबीसी का पांच फीसदी कोटा कम करने जा रही है, इसमें कांग्रेस की कौन सी मजबूरी है। इसी तरह लोगों की संपत्ति को वापस लेकर उनका  वितरण कर, अन्यों में बांटने में कांग्रेस की कौन सी मजबूरी है।




Share:
Share:
Comment
Leave A Comment