ऐसी कौन सी गीदड़ सिंघी जिससे 14 माह में संपत्ति 14 करोड़ बढ़ीः सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुटलैहड़ के बंगाणा व चिंतपुर्णी के अंब में चुनावी सभाओं में बागी विधायक देवेंद्र भुट्टो पर जमकर जुबानी हमले किए। सुखविंदर सिंह ने कहा कि भुट्टो ने 2022 में अपनी संपत्ति करीब 5 करोड़ दिखाई थी, लेकिन 14 महीने बाद अब 15 करोड़ शपथ पत्र में दिखाई है। बेटे की संपत्ति 2022 में कुछ नहीं दिखाई थी, अब शपथ पत्र में 5 करोड़ दिखाई है। मुख्यमत्री ने सवाल किया कि आखिर भुट्टो के पास कौन सी गीदड़सिंगी है कि 14 महीने में 14 करोड़ रुपये की संपत्ति बढ़ गई। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही देवेंद्र भुट्टो जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।
पार्टी के भीतर का विरोध झेला, कभी गद्दारी नहीं की
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह 40 साल से कांग्रेस का झंडा उठाकर चल रहे हैं। पार्टी के भीतर का विरोध भी झेला, लेकिन कभी गद्दारी नहीं की। लेकिन बागी विधायक एक महीना घर नहीं आए, हमारी सरकार गिराने की साजिश रचते रहे। मगर पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का ऑपरेशन लोटस फेल हो गया है, वह जितना मर्जी जोर लगा ले, कांग्रेस सरकार पूरे 5 साल जनता के काम करेगी।
Leave A Comment