मनजीत सिंह ठाकुर समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल
भाजपा नेता मनजीत सिंह ठाकुर अपने समर्थकों के कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं. मनजीत सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर में पटका पहनाकर कांग्रेस पार्टी में शामिल किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि मनजीत सिंह ठाकुर की कांग्रेस पार्टी में घर वापसी से पार्टी को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में मनजीत सिंह ठाकुर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन आज उनकी कांग्रेस पार्टी में घर वापसी हुई है. उन्होंने कहा कि मनजीत सिंह ठाकुर ने वर्ष 2009 में कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव भी रहे हैं.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की प्रगति के लिए कदम उठा रहे
मनजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की प्रगति के लिए अनेकों कदम उठा रहे हैं और उनकी नीतियों से प्रभावित होकर ही वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं. उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के एक सिपाही के रूप में समर्पित होकर कार्य करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने में अपना भरपूर योगदान देंगे. उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू एक दूरदर्शी नेता हैं और हिमाचल प्रदेश को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उपस्थित रहे
जयराम ठाकुर पांच साल मौन बने रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे खोल रखे थे. नौकरियां बेची जाती थीं और जयराम ठाकुर पूरे 5 साल मूकदर्शक बने रहे. भाजपा हिमाचल व महिला विरोधी है. पहले आपदा में साथ नहीं दिया, फिर महिलाओं के 1500 रुपये रुकवाने के लिए चुनाव आयोग पहुंच गए. भाजपा सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम करती है. कांग्रेस काम करने में विश्वास रखती है, भाजपा की तरह चुनाव देखकर धन आवंटन नहीं करती. भाजपा ने कांग्रेस की चुनी हुई सरकार गिराने के लिए धनबल का इस्तेमाल किया, लेकिन कांग्रेस के 6 विधायक खरीदकर भी जयराम सत्ता की भूख नहीं मिटा पाए. कांग्रेस के पास पैसा नहीं जनबल है. जनबल की ताकत से ही धनबल को हराएंगे.
Leave A Comment